
गुजरात में भाजपा ने बदले 6 जिलों के अध्यक्ष, लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां
रिपोर्ट, न्यूज़ इंडिया टुडे ब्यूरो
गुजरात। शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। गुजरात के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरु कर दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल अब तक 6 जिलों के अध्यक्ष बदल चुके हैं।
भाजपा पेज समिति, पेज प्रमुख के बाद अब बूथ प्रभारियों पर ध्यान केंद्रित कर रही है, इसमें 25 से 30 वर्ष की उम्र के युवाओं को लाया जाएगा ताकि वे भाग दौड कर सकें।
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 में से 156 सीटें जीतकर प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में एक स्वर्णिम पन्ना जोड दिया है लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल पार्टी को और मजबूत करने के लिए कमजोर कडिेयों को ठीक करने में जुटे हैं। बूथ सशक्तिकरण के लिए भाजपा बूथ प्रभारियों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रही है, इसके लिए 25 से 30 वर्ष की उम्र के युवाओं का चयन किया जा रहा है।
पाटिल ने विविध कारणों से इस माह 33 में से 6 जिलों के पार्टी अध्यक्ष भी बदल दिये हैं, इनमें बनासकांठा, देवभूमि द्वारिका, अमरेली, सुरेंद्रनगर, वडोदरा व खेडा जिला शामिल है। पार्टी ने जोन, मंडल व बूथ तीन स्तरीय टीमों का गठन का उनके अलग इंटरनेट मीडिया समूह तैयार करेगी। गत विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार 50 फीसदी से अधिक 52.52 प्रतिशत मत हासिल किये थे।
कांग्रेस 27.3 प्रतिशत आप 12.91 प्रतिशत मत हासिल किये थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 62.21 फीसदी मतों के साथ सभी 26 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि कांग्रेस को 32 प्रतिशत मत मिले थे, भाजपा इस चुनाव में कांग्रेस के मत प्रतिशत को नीचे लाना चाहती है। इसी लिए पाटिल ने अभी से बूथ व जिला स्तर पर तैयारी शुरु करते हुए परिवर्तन शुरू कर दिया है।