धामपुर शुगर मिल ने देश में किया पहला स्थान प्राप्त
244 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर देश मे पाया प्रथम स्थान, यूनिट हेड एमआर खान को दी बधाई
ब्यूरो रिपोर्ट
धामपुर। धामपुर शुगर मिल का गन्ना पेराई सत्र बुधवार रात संपन्न हो गया। चीनी मिल ने अपने ही पिछले साल के रिकॉर्ड तोड़ एक बार फिर से पेराई के मामले में नया रिकॉर्ड स्थापित करते हुए देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। शुगर मिल ने पिछले सत्र में 212 दिन के पेराई काल में 239 लाख क्विंटल की पेराई कर देश में पहला स्थान पाया था। जबकि इस बार 215 दिन के पेराई सत्र में 244 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर दूसरी बार भी देश में पहला स्थान हासिल किया है।
धामपुर चीनी मिल के यूनिट हेड एमआर खान ने बताया कि चीनी मिल का पेराई सत्र बुधवार रात सकुशल संपन्न हो गया। चीनी मिल ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिसको लेकर अधिकारियो व कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। मुरादाबाद मंडल के उप गन्ना आयुक्त ने भी बुधवार को धामपुर शुगर मिल प्रबंधन को देश में नंबर वन आने पर बधाई दी है। यूनिट हैड एमआर खान का कहना है कि यह सब किसानों के सहयोग की वजह से ही संभव हो सका है। इसके लिए उन्होंने किसानों को बधाई दी। उनका कहना है कि किसानों ने चीनी मिल को उनकी पहल पर ताजा और साफ गन्ना आपूर्ति किया। इस सफलता में किसानों का योगदान अग्रणी है। किसानों को अब तक चीनी मिल की ओर से 17 मई तक के गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा चुका है। डीएसएम ग्रुप के अधिशासी अध्यक्ष सुभाष कुमार पांडेय, महाप्रबंधक प्रशासन विजय गुप्ता, कामर्शियल हेड मुकेश कश्यप, फाइनेंस हेड विकास अग्रवाल, चेयरमैन डीएसएम ग्रुप अशोक गोयल, प्रबंधक निदेशक गौरव गोयल, आदि ने भी प्रसन्नता जताई है।